करौली हिंसा को लेकर राजनीति तेज, भाजयुमो और भाजपा नेताओं ने निकाली न्याय यात्रा, पुलिस ने रोका

करौली हिंसा को लेकर राजनीति तेज, भाजयुमो और भाजपा नेताओं ने निकाली न्याय यात्रा, पुलिस ने रोका

करौली हिंसा को लेकर राजनीति तेज होती जा रही है। करौली हिंसा में पीड़ित लोगों से मिलने के लिए भाजयुमो और भाजपा नेताओं ने न्याय यात्रा निकाला। इस दौरान जिले की पुलिस ने बीजेपी की न्याय यात्रा को हिंडौन इलाके में रोक दिया है. इसके बाद बीजेपी नेता धरने पर बैठ गए हैं जिसके बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उनकी सरकार के ख़िलाफ़ नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किया। भाजयुमो कार्यकर्ता और पुलिस में झड़प भी हुई। यात्रा को रोकने से आक्रोशित सतीश पूनिया, सासंद रंजीता कोली, सांसद मनोज राजोरिया सड़क पर ही धरने पर बैठ गए हैं।

भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने गहलोत सरकार को चेतावनी दी कि उन्हें अगर जाने नहीं दिया गया तो यही पर उग्र आंदोलन किया जाएगा। सूर्या ने कहा कि हर कीमत पर करौली जाएंगे, नहीं तो सामूहिक रूप से गिरफ्तारियां देंगे। इस दौरान 'गहलोत हमसे डरता है' और 'जय श्री राम' की जमकर नारेबाजी हुई। भारी पुलिस बल मौके पर तैनात है। पुलिस ने मौके पर तीन लेयर बैरिकेड्स लगा रखा है।
न्याय यात्रा के मद्देनजर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड में है। व्यवस्था संभालने के लिए 3 आईपीएस, 10 एएसपी, 15 आरपीएस अफसरों को जिले में तैनात किया गया है। एहतियात के लिए जिले की सीमाओं पर नाकाबंदी करते हुए सतर्कता बरती जा रही है। जगह-जगह बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि कोई भी व्यक्ति यदि सूबे की शांति-व्यवस्था को भंग करने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। चाहे वो किसी भी पार्टी या वर्ग से संबंध रखता हो। इससे पहले करौली में बीजेवाईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या एवं भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां व सांसद मनोज राजोरिया को गिरफ्तार कर लिया। तेजस्वी सूर्या करौली हिंसा के विरोध में बीजेपी की ओर से आयोजित न्याय यात्रा में शामिल होने पहुंचे थे।

इससे पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री तेजस्वी सुर्या के साथ करौली हिंसा में हुए घायलों से आज एसएमएस ट्रामा सेंटर पहुंचकर कुशलक्षेम जानी। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष श्री मुकेश दाधिच एवं भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष श्री हिमांशु शर्मा भी साथ रहे।

भाजपा की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने मंगलवार को करौली में दंगा प्रभावित घटना स्थल का दौरा किया। इस दौरान राजे ने कहा कि कांग्रेस सरकार तुष्टीकरण की नीति अपनाकर खुद ही स्वयं को नष्ट कर रही है। प्रशासनिक आदेशों के माध्यम से राज्य की गहलोत सरकार ने हिंदू त्यौहारों पर पाबंदी लगा रही है। इसे बर्दास्त नहीं किया जाएगा।
  • Powered by / Sponsored by :