मोदी जी खुद को महान मान कर देश और लोकतंत्र की मर्यादा का चीरहरण कर रहे हैं - सोनिया गांधी

मोदी जी खुद को महान मान कर देश और लोकतंत्र की मर्यादा का चीरहरण कर रहे हैं - सोनिया गांधी

कांग्रेस पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए अपना चुनावी घोषणा पत्र 'न्याय पत्र' को आज राजस्थान की राजधानी जयपुर से जनता के बीच लॉन्च कर दिया है। कांग्रेस की इस सभा में CPP चेयरपर्सन सोनिया गांधी, काग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, अशोक गहलोत, गोविंद सिंह डोटासरा और सचिन पायलट कई दिग्गजों ने शिरकत की।
CPP चेयरपर्सन सोनिया गांधी ने कहा कि हमारा देश पिछले दस साल से एक ऐसी सरकार के हवाले है, जिसने बेरोजगारी, महंगाई, आर्थिक संकट, असमानता और अत्याचार को बढ़ावा देने में कोई कसर नहीं छोड़ी। इस मोदी सरकार ने जो किया है, वो हमारे आपके सामने है। इसलिए यह समय हताशा से भरा हुआ है, लेकिन जान लीजिए कि हताशा के साथ ही उम्मीद का भी जन्म होता है। मुझे पूरा यकीन है कि कांग्रेस के हमारे साथी न्याय के दीपक को अपने सीने की आग से जलाएंगे और हजार आंधियों में उसे संभालकर आगे बढ़ेंगे। क्योंकि यह देश सिर्फ चंद लोगों की जागीर नहीं है।
सोनिया गांधी ने कहा कि यह देश हम सबका है। इसे हमारे पुरखों ने अपने खून से सींचा है। इसकी हवाओं में हमारी मां-बहनों के पसीने का नमक है। यह देश हमारे बच्चों का आंगन है। इस देश के मासूम बच्चों से उनके हिस्से का न्याय छीना नहीं जा सकता।
उन्होंने कहा कि देश से ऊपर हो जाने की बात सपने में भी नहीं सोची जा सकती। क्या कोई देश से बड़ा हो सकता है? जो ऐसा सोचता है, उसे देश की जनता सबक सिखा देती है। दुर्भाग्य से आज हमारे देश में ऐसे नेता सत्ता में विराजमान हैं। मोदी जी खुद को महान मान कर देश और लोकतंत्र की मर्यादा का चीरहरण कर रहे हैं। विपक्षी नेताओं को डराने-धमकाने, BJP में शामिल कराने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। आज हमारे देश का लोकतंत्र खतरे में हैं। लोकतांत्रिक संस्थाओं को राजनीतिक सत्ता के हथियार से बर्बाद किया जा रहा है। यही नहीं, हमारे संविधान को बदलने का षड्यंत्र रचा जा रहा है। पूरे तंत्र में भय बैठाया जा रहा है। यह सब तानाशाही है और हम सब इसका जवाब देंगे।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, प्रियंका गांधी ने हमारे घोषणा पत्र के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि हमारी जो 5 न्याय गांरटी है, उसके तहत हम 25 गारंटी दे रहे हैं। हमारी सरकार आई तो हम सभी गांरटी पूरा करेंगे। हम मोदी जी की तरह झूठ नहीं बोलते हैं। जैसे PM मोदी ने कहा था.. हर साल 2 करोड़ नौकरियां दूंगा, काला धन लाकर सबके खाते में 15-15 लाख रुपए दूंगा, किसानों की आय दोगुनी करुंगा, किसानों को MSP दूंगा, लेकिन उन्होंने किया कुछ भी नहीं, इसलिए मोदी जी झूठों के सरदार हैं।
उन्होंने कहा कि हर जगह कुछ न कुछ नया झूठ बोलकर आते हैं। उन्होंने कितनी गारंटी हमसे पहले दी हैं। उन्होंने कहा कि वे(प्रधानमंत्री) कह रहे हैं मेरी गारंटी है, यह गारंटी तो हमारे शब्द हैं PM मोदी ने इसे चुरा लिया है। हमने हिमाचल में गारंटी दी, जो गारंटी हमने वहां दी उसे हमने लागू किया। तेलंगाना में जो हमारी गारंटी थी उसे हमने लागू किया। आपकी कौनसी गारंटी है? मोदी जी हमेशा लोगों को भ्रमित करते हैं। आपने इस देश के लिए कुछ भी नहीं किया और आप कहते हैं कि कांग्रेस ने 70 वर्षों में कुछ नहीं किया। हम 55 वर्ष थे हमने 55 वर्षों में क्या किया हम इसका हिसाब दे रहे हैं। हमने राजस्थान में क्या किया इसका भी हिसाब दे रहे हैं, आप अपना हिसाब दीजिए कि आपने क्या किया है।
  • Powered by / Sponsored by :