भाजपा तब तक चैन से नहीं बैठ सकती, जब तक टीएमसी के अत्याचारी शासन को हम उखाड़कर फेंक नहीं देते - अमित शाह

भाजपा तब तक चैन से नहीं बैठ सकती, जब तक टीएमसी के अत्याचारी शासन को हम उखाड़कर फेंक नहीं देते - अमित शाह

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज मैत्री संग्रहालय की आधारशिला रखी और पश्चिम बंगाल के हरिदासपुर में प्रहरी सम्मेलन को संबोधित किया। अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार का मुख्य लक्ष्य देश की आंतरिक व बाह्य सुरक्षा को अभेद्य बनाना है। दुनिया की आधुनिक तकनीक को बीएसएफ को उपलब्ध कराना हमारा लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि देश प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है, इसका मुख्य कारण हमारी सीमाएं सुरक्षित होना है। देश के गृह मंत्री के कारण मैं चैन से इसलिए सो पाता हूं क्योंकि हमारे जवान सीमा पर तैनात होकर देश की सुरक्षा कर रहे हैं।
केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि बीएसएफ की वीरता और समर्पण के कारण इसे आजतक एक महावीर चक्र, चार कीर्ति चक्र, 13 वीर चक्र और 13 शौर्य चक्र मिले हैं। बीएसएफ के अनेक जवानों ने अपना सर्वोच्च बलिदान देश की सीमाओं से खिलवाड़ करने वालों से मुकाबला करने में दिया है। आज सतलुज, कावेरी और नर्मदा ये तीन फ्लोटिंग बीओपी को राष्ट्र को समर्पित किया गया है। ये बीओपी सभी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हैं।
शाह ने कहा 70 के दशक में जब हमारे पड़ोसी देश में मानव अधिकारों का हनन हुआ, अत्याचार के समय वहां से एक बयार हमारे यहां शरणार्थियों की आई, उस समय BSF और भारतीय सेना दोनों ने मिलकर बड़ी वीरता से उन क्षेत्र में मानव अधिकरों की रक्षा भी की और बांग्लादेश को जन्म देने का काम भी किया। जिस प्रकार की आधुनिक व्यवस्था की गई हैं, वो यहां घुसपैठ और तस्करी को रोकने के लिए पर्याप्त है। 80 किमी का ये क्षेत्र बहुत कठिन है, लेकिन मुझे आप लोगों के शौर्य पर पूरा भरोसा है। आज यहां पर एक मैत्री संग्रहालय का भी शिलान्यास किया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का यही प्रयास रहता है कि बॉर्डर पर तैनात जवान को कम से कम कठिनाई हो। इसलिए आप अपने परिवार के साथ ज्यादा से ज्यादा समय बीता पाएं, ऐसी कार्य प्रणाली की रचना और जहां आपकी पोस्टिंग है, वहां की सुविधाओं में बढ़ोतरी करने के लक्ष्य को लेकर हम चले हैं।
शाह ने कहा कि BSF में अब महिलाओं की भी तैनाती होने लगी है। महिलाएं गर्व से पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर मां भारती की सेवा कर रही हैं। महिलाओं के लिए अलग बैरक और सभी सुविधाओं का ख्याल रखना, इस पर एक पांच वर्ष का प्रोग्राम भारत सरकार ने बनाया है।
तस्करी और घुसपैठ से इस क्षेत्र को अभेद्य बनाना बीएसएफ का काम है। हालांकि ये स्थानीय प्रशासन की मदद के बिना कठिन है। लेकिन आप विश्वास रखिए कि वो मदद भी जल्द मिले, ऐसी राजनीतिक स्थिति का निर्माण भी यहां जल्द होने वाला है। जनता का ऐसा दबाव बनेगा की मदद करने को सब मजबूर होंगे।
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज सिलीगुड़ी में पश्चिम बांगो सम्मान समवेश को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी पर निशाना साधा उन्होंने कहा कि ममता दीदी के कटमनी, सिंडिकेट, अत्याचार, भ्रष्टाचार, राजनीतिक हिंसा के खिलाफ भाजपा की लड़ाई चालू है। भाजपा तब तक चैन से नहीं बैठ सकती, जब तक टीएमसी के अत्याचारी शासन को हम उखाड़कर फेंक नहीं देते। गोरखा भाइयों-बहनों को दीदी हमेशा गुमराह करती रही है। मैं आज गोरखा भाइयों-बहनों को कहने आया हूं कि अगर कोई एक पार्टी है जो गोरखाओं के हित में सोचती है तो वो केवल भाजपा है। हमने कहा है कि संविधान की मर्यादाओं के तहत सारी समस्याओं का स्थायी राजनीतिक समाधान ढूंढ लिया जाएगा।
  • Powered by / Sponsored by :