यह चुनाव सशक्त भारत के लिए हैः भूपेंद्र यादव

यह चुनाव सशक्त भारत के लिए हैः भूपेंद्र यादव

    

  जयपुर, 29 अप्रैल 2019: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आज राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव ने प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि यह चुनाव संकल्पित भारत तथा सशक्त भारत का चुनाव है। इस चुनाव के बाद नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में एक बार पुनः सशक्त भारत के लिए मजबूत सरकार बनेगी। यादव ने कहा कि पिछले पांच वर्ष में सरकार ने गरीब कल्याण, ग्रामीण विकास एवं अर्थव्यवस्था की मजबूती के लिए काम किया है। इस दौरान पूरे विश्व में भारत की साख बढ़ी है इसलिए देश की जनता मोदी जी के नेतृत्व और दृढ़ता के लिए भाजपा के समर्थन में खड़ी है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्ष का समय पुरूषार्थ और परिश्रम का समय था तथा अगले पांच वर्ष का समय परिणाम का समय होगा। हमारी सरकार ने पिछले पांच वर्ष में किसानों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाओं का निर्माण किया है। नीम कोटेट यूरिया, मृदा परीक्षण कार्ड, प्रधानमंत्री सिंचाई योजना, प्रधानमंत्री सड़क योजना आदि के माध्यम से किसानों को राहत पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना, सौभाग्य योजना के माध्यम से मूलभूत सुविधाएं प्रत्येक व्यक्ति के घर तक पहुंचाने का प्रयास भी भाजपा सरकार ने किया है। न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाना, किसान क्रेडिट कार्ड पर पांच वर्ष तक 1 लाख रूपए पर जीरो प्रतिशत ब्याज दर रखना तथा किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से किसानों को सशक्त बनाने का प्रयास भी किया गया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र सर्वप्रथम ही भाजपा की नीति है। कश्मीर से धारा 370 तथा 35ए हटाने के लिए भाजपा पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। वन रेंक, वन पेंशन योजना के लिए कांग्रेस पार्टी ने केवल 500 करोड़ रूपए का प्रावधान किया था वहीं दूसरी ओर हमारी सरकार ने 35 हजार करोड़ रूपए के माध्यम से सेना के जवानों को सम्मान देने का काम किया है। देश के विकास के लिए इंफ्रास्ट्रेक्चर आवश्यक होता है। वर्ष 2014 तक देश में केवल 65 एयरपोर्ट कार्यशील थे, अब 101 एयरपोर्ट कार्यशील है। यह संख्या 2022 तक बढ़ाकर 150 कर दी जाएगी। आयात-निर्यात के लिए बंदरगाह बढ़ाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सामाजिक न्याय की दृष्टि से अनेक उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं। ओबीसी आयोग को संवैधानिक आयोग का दर्जा भाजपा की सरकार ने दिया, समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए सामान्य वर्ग के गरीबों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया। सामान्य किसान तथा छोटे व्यापारियों के लिए भी पेंशन की योजना के बारे में हमारी सरकार ने विचार किया है। !!!  
  • Powered by / Sponsored by :