किसानों की कर्जमाफी को कांग्रेस ने बनाया फुटबॉल : प्रकाश जावड़ेकर

किसानों की कर्जमाफी को कांग्रेस ने बनाया फुटबॉल : प्रकाश जावड़ेकर

   

  जयपुर, 21 जनवरी 2019। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में आज लोकसभा चुनावों की तैयारियों हेतु लोकसभा संचालन समिति कार्यशाला का आयोजन किया गया। तीन सत्रों में सम्पन्न हुई कार्यशाला के उद्घाटन सत्र को सम्बोधित करते हुए केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री एवं लोकसभा चुनाव प्रदेश प्रभारी प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस ने सरकार में आने के बाद अभी तक कोई उल्लेखनीय कार्य नहीं किया है। किसानों की कर्जमाफी को कांग्रेस ने फुटबॉल बना दिया है। अभी तक सरकार को यह भी पता नहीं कि किसान कर्जमाफी के लिए पैसा कहां से आयेगा। जावड़ेकर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सत्ता में आने के बाद इसी उधेडबुन में है कि महाराणा प्रताप महान थे या अकबर। उन्होंने कहा कि भाजपा सदन में और सदन के बाहर जनता के मुद्दों को लेकर जनता के आक्रोश का नेतृत्व करेगी। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा आर्थिक पिछड़ा वर्ग के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण का फैसला ऐतिहासिक फैसला है। केन्द्रीय शिक्षण संस्थानों में यह फैसला जून, 2019 से लागू हो जायेगा। उद्घाटन सत्र को सम्बोधित करते हुए पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी ने कहा कि केन्द्र सरकार की अभूतपूर्व व ऐतिहासिक योजनाओं को जनता के समक्ष पहुँचाना कार्यकर्ता का काम है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर लोकसभा चुनाव के लिए परिश्रम करना है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर ने अपने उद्बोधन में कहा कि बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को योजना देकर सक्रिय करना है। संगठन का तंत्र मजबूत बनाते हुए हमें ’’शक्ति केन्द्र संयोजक सम्मेलन’’, ‘‘प्रबुद्ध नागरिक सम्मेलन’’ तथा ‘‘युवा संसद’’ जैसे कार्यक्रम आयोजित करने है। कार्यशाला के द्वितीय सत्र में श्रेणीशः बैठके आयोजित की गई। इन बैठकों में विधि, मीडिया, सोशल मीडिया, लोकसभा संयोजक, लाभार्थी संयोजक सहित विभिन्न श्रेणियों की बैठकें सम्पन्न हुई। कार्यशाला के समापन सत्र को सम्बोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं लोकसभा चुनाव सह-प्रभारी सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव भारत के भविष्य का निर्धारण करने वाला चुनाव है। इस चुनाव को अनेक अन्तर्राष्ट्रीय ताकतें भी प्रभावित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि हमें बेहतर योजना तथा समन्वय बनाकर भाजपा की जीत के लिए कार्य करना है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री वी. सतीश ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को स्वयं का काम पूरा करना है। हमें लोकतंत्र के सुदृढ़ीकरण के लिए अधिकाधिक मतदान करवाने पर भी ध्यान देना है। साथ ही केन्द्र सरकार की उपलब्धियां को जन-जन तक पहुँचाना है। समापन सत्र को सम्बोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष गुलाबचन्द कटारिया ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने राजस्थान की जनता को धोखा दिया है। सरकार न तो किसानों की कर्जमाफी पर गम्भीर है और न हीं बेरोजगारी भत्ते पर। कटारिया ने लोकसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को मजबूती से जुटने के लिए आव्हान किया। पूर्व मंत्री एवं उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस की सरकार कर्जमाफी पर कोई ठोस योजना नहीं बना रही है। सरकार ने इस सन्दर्भ में समितियां तथा अध्ययन दल बनाकर औपचारिकता पूरी की है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीयत में खोट है। इस कार्यशाला में लोकसभा प्रभारी, लोकसभा संयोजक, लोकसभा सह-संयोजक, मीडिया प्रमुख, मीडिया सह-प्रमुख, सोशल मीडिया प्रभारी, सोशल मीडिया सह-प्रभारी, लीगल प्रभारी, लीगल सह-प्रभारी, लाभार्थी संयोजक, लाभार्थी सह-संयोजक, लोकसभा विस्तारक, जिलाध्यक्ष उपस्थित रहे । उल्लेखनीय है कि कार्यशाला से पहले प्रदेश पदाधिकारियों तथा मोर्चों के प्रदेशाध्यक्षों की बैठक सम्पन्न हुई। !!! 
  • Powered by / Sponsored by :