मोदी सरकार में शान, शोहरत और सत्ता की राजनीति चल रही है, इसमें सत्य की कोई जगह नहीं है - प्रियंका गांधी

मोदी सरकार में शान, शोहरत और सत्ता की राजनीति चल रही है, इसमें सत्य की कोई जगह नहीं है - प्रियंका गांधी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कर्नाटक के सेदम में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी व बीजेपी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश के मार्गदर्शक सिद्धांत 'सत्यमेव जयते' का पिछले एक दशक में ''उल्लंघन और खंडन'' किया गया है। उन्होंने कहा कि हमारे देश की नींव सत्य पर टिकी है। एक मां भी अपने बच्चे को सबसे पहले सच बोलना ही सिखाती है। हमारे देश की राजनीति का आधार भी सत्य ही रहा है। इसलिए हम उम्मीद करते हैं कि हमारे नेता भी हमसे सच ही बोलेंगे। लेकिन आज इस देश की सच्चाई बदल रही है। मोदी सरकार में शान, शोहरत और सत्ता की राजनीति चल रही है। इसमें सत्य की कोई जगह नहीं है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास आपके प्रति कोई जवाबदेही नहीं रही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा सत्य की राह पर चली है। सत्य ही हमारी नींव और राजनीतिक आधार है।
प्रियंका गांधी ने कहा कि आज किसान कमा नहीं पा रहा है, क्योंकि मोदी सरकार ने GST लगाकर उन्हें बर्बाद कर दिया। छोटे व्यापार से लोगों को रोजगार मिलता था, लेकिन मोदी सरकार ने नोटबंदी कर छोटे व्यापारियों को भी खत्म कर दिया। यहां खरगे जी रेलवे डिवीजन और स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया लेकर आए। उन्हें ESI का विस्तार करना था, इन्वेस्टमेंट जोन बनाना था। लेकिन मोदी सरकार ने सारे प्रोजेक्ट्स रिजेक्ट कर दिए, क्योंकि ये खरगे जी की कर्मभूमि है।
उन्होंने कहा कि देश में आज भयानक बेरोजगारी है। आपने मेहनत करके बच्चों को पढ़ाया, पर रोजगार नहीं मिल रहा है, रोजगार के लिए बच्चे पलायन कर दूसरे राज्यों में मजदूरी कर रहे हैं, रोजगार बनाने के बजाए मोदी सरकार ने अग्निवीर जैसी स्कीम बनाई, पिछले 10 साल में नरेंद्र मोदी जी ने एक काम ऐसा नहीं किया, जिससे रोजगार मिल सके। यहां तक कि जिन संस्थानों से रोजगार पैदा होता था, वे सब उद्योगपति मित्रों को बांट दिए। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने देश की सारी संपत्ति अमीरों को सौंप दी है। सरकार ने अमीरों का 16 लाख करोड़ रुपए का कर्ज माफ कर दिया, लेकिन किसानों का एक रुपए भी माफ नहीं किया।
प्रियंका गांधी ने कहा कि हमने देश में बहुत से प्रधानमंत्री देखे, सब देश के प्रति अपनी ज़िम्मेदारी समझते थे। प्रधानमंत्री की सबसे बड़ी ज़िम्मेदारी सच बोलने और देश की सुरक्षा होती है। आज मैं PM मोदी से पूछना चाहती हूं कि- आपने महिलाओं की सुरक्षा के लिए क्या किया? आप बताइए कि जनता के लिए 10 साल में क्या किया? ये महिला सुरक्षा की बात करते हैं, लेकिन इन्होंने हमेशा महिलाओं पर अत्याचार करने वालों की रक्षा की है।
प्रियंका गांधी ने कहा कि कर्नाटक में PM मोदी ने प्रज्वल रेवन्ना के लिए वोट मांगा, जिसने हजारों महिलाओं के साथ दुष्कर्म किया। इस बारे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी क्या कहना चाहते हैं? विपक्ष कहां जा रहा, क्या कर रहा है.. यह सब मोदी जी को पता रहता है। लेकिन इतना बड़ा अपराधी देश छोड़कर भाग गया, मोदी जी को पता नहीं चला। प्रधानमंत्री जी आजकल महिलाओं के मंगलसूत्र और गहनों की बातें करते हैं। कर्नाटका में मोदी जी ने जिसके लिए वोट मांगा, उन्होंने हजारों महिलाओं के साथ दुष्कर्म किया। मैं पूछना चाहती हूं कि हमारे प्रधानमंत्री और गृहमंत्री इस बारे में क्या कहते हैं? मोदी जी, देश की करोड़ों महिलाएं जवाब मांग रही हैं। मंगलसूत्र पर बात करने के पहले देश की महिलाओं को जवाब दीजिए।
  • Powered by / Sponsored by :