लव जिहाद जैसे मुददे से भाजपा अपनी असफलताओं को नहीं छुपा सकती - खाचरियावास

लव जिहाद जैसे मुददे से भाजपा अपनी असफलताओं को नहीं छुपा सकती - खाचरियावास

जयपुर, 21 नवम्बर 2020। परिवहन मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास ने संवाद दाताओं से वार्ता करते हुये कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार सोची समझी रणनीति के तहत अपनी असफलताओ से ध्यान हटाने के लिये देश की जनता को गुमराह करना चाहती है। इस वक्त पूरे देश में आम आदमी महंगाई, बेरोजगारी, भुखमरी से परेशान है। पेट्रोल-डीजल सहित आटा दाल चावल सहित सभी चीजें बहुत ज्यादा महंगी हो गई है, जनता की सुनने वाला कोई नहीं है, बेरोजगारी के कारण नौजवान आत्महत्या कर रहे हैं। केन्द्र के चुनाव के समय भाजपा जिन मुददो पर चुनाव लडकर जीती, आज उन मुददों को छोड़ दिया गया है। भाजपा कभी भी अच्छे शासन और विकास के मुददे पर चुनाव नहीं लडती, अब भाजपा लव जिहाद जैसा नया शब्द लेकर आयी है, जिसका शब्दकोष में कोई उल्लेख नहीं है। इस देश में जबरन धर्म परिवर्तन पर पहले से रोक लगी हुई है। जबरन धर्म परिवर्तन का हम लोग विरोध करते हैं, इस देश में सब लोग एक दूसरे के धर्म का सम्मान करते हैं लेकिन भाजपा केन्द्र में सत्ता में होने के बावजूद अपने राजधर्म का पालन करने की बजाय हिन्दू, मुसलमान, सिक्ख, ईसाई, पारसी, जैन बौद्ध आदि धर्मों में टकराव की राजनीति करके देश को कमजोर करना चाहती है, सनातन धर्म सबको एक दूसरे का सम्मान करना सिखाता है। इस देश में हमारे मूल अधिकारों के अनुसार व्यक्तिगत स्वतंत्रता का अधिकार है। भाजपा को न हिन्दू और ना मुसलमान से मतलब है, ना सिक्ख और न ईसाई से, भाजपा वोट की फसल काटने के लिये किसी भी हद तक गिर सकती है। यही कारण है कि अब केन्द्र की भाजपा सरकार की असफलताओं और यूपी सरकार की असफलताओं से ध्यान हटाने के लिये लव जिहाद जैसा बिना अर्थ का नया शब्द लेकर भाजपा आई है लेकिन इससे भाजपा को कोई फायदा नहीं होगा और प्रदेश के होने वाले पंचायती चुनावों में भाजपा का सफाया हो जायेगा।
  • Powered by / Sponsored by :