स्काउट मैदान में वन महोत्सव के तहत कलेक्टर ने कहा, पौधे लगाने के साथ पौधों का संरक्षण करना भी आवश्यक

स्काउट मैदान में वन महोत्सव के तहत कलेक्टर ने कहा, पौधे लगाने के साथ पौधों का संरक्षण करना भी आवश्यक

सवाई माधोपुर 10 जुलाई। पौधों से जीवन में खुशहाली आती है। एक पौधा हजारों लोगों को जीवनदायी आक्सीजन देता है। सघन पौधरोपण हो तो पानी की कमी नहीं आएगी। ये विचार जिला कलेक्टर डॉ. एस.पी.सिंह ने सामाजिक वानिकी की ओर से आवासन मंडल के स्काउट मैदान में आयोजित वन महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए ।
वन महोत्सव कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. सिंह ने कहा कि पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, पौधे लगाने के बाद इनका संरक्षण किया जाना एवं पौधों को जीवित रखा जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पौधे लगाना एवं इनका संरक्षण करना बहुत बडी समाज सेवा है। कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि पौधों का महत्व सामाजिक, आर्थिक, वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक दृष्टिकोण से बहुत अधिक है। उन्होंने पौधों से होने वाले लाभ, पौधों की उपयोगिता एवं महत्व विषय पर बालकों की विभिन्न प्रतियोगिताएं करवाने के निर्देश भी दिए तथा कहा कि पौधों एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक वर्ग में जागरूकता होनी चाहिए।
कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि इस बार वन विभाग जिले में दो लाख से अधिक पौधे लगाने के लक्ष्य के विपरीत इससे अधिक पौधे लगाए तथा इन्हें संरक्षित भी करे। उन्होंने पौधे लगाने के बाद प्रत्येक पौधे को जीवित रखने एवं इसकी देखरेख के लिए पौधे वाइज जिम्मेदारी देने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलेक्टर महेन्द्र लोढा, सामाजिक वानिकी के उपवन संरक्षक पी.एस.कटेला, जिला उद्योग केन्द्र के ताराचंद जैन, मीडिया के प्रतिनिधि भी मौजूद थे। वन महोत्सव के तहत स्काउट मैदान में कलेक्टर, एडीएम एवं अन्य अधिकारियों तथा स्कूली बालकों ने पौधे लगाए तथा पौधों को जीवित रखने के लिए पूरे समर्पण भाव से कार्य करने का संकल्प भी व्यक्त किया।
  • Powered by / Sponsored by :