भाजपा ने किया देश की जनता के साथ धोखा - सिद्धु

भाजपा ने किया देश की जनता के साथ धोखा - सिद्धु

पांच साल पहले केन्द्र और राज्य की जनता ने जिस भारी बहुमत के साथ भाजपा को सत्ता की चाबी सौंपी थी, उतना ही भारी और बड़ा धोखा भाजपा नेताओं ने देश और प्रदेश की जनता के साथ किया है। पंजाब में कांग्रेस सरकार के पर्यटन मंत्री नवजोत सिंह सिद्धु ने रविवार को बस्सी विधानसभा क्षेत्र में यह आरोप भाजपा की केन्द्र और प्रदेश सरकार पर लगाए। सिद्धु बस्सी में कांग्रेस के युवा प्रत्याशी दौलत सिंह मीणा के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबंधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दौलत सिंह जैसे युवा नेताओं की इस प्रदेश को जरूरत है, क्योंकि युवाओं में वह शक्ति होती है जो कुछ भी कर गुजरने का जज्बा रखते हैं। सभा में हजारों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।
नवजोत सिद्धु ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पर देश को लूटने के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के दौरान अमित शाह के अहमदाबाद स्थित बैंक को महज 6 दिनों में हजारों करोड़ का लाभ पहुंचाया गया। इस दौरान भाजपा नेताओं की ब्लैक मनी को व्हाइट मनी में बदल दिया गया। वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के पूंजीपतियों की गोद में बैठे हैं। किसानों का कर्ज माफ नहीं किया जाता, लेकिन इन पूंजीपतियों के लाखों करोड़ों रुपए के कर्ज माफ कर दिए गए। सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के बस्सी प्रत्याशी दौलत सिंह मीणा ने कहा कि पार्टी ने उन पर विश्वास कर टिकट दिया है। वे क्षेत्र में पिछले 10 सालों से जन समस्याओं को उठा रहे हैं। पिछले 20 सालों में बस्सी विधानसभा क्षेत्र की खूब अनदेखी हुई है, जबकि यह क्षेत्र जयपुर शहर के सबसे निकट है। उन्होंने लोगों से वोट देने की अपील करते हुए कहा कि वे बस्सी की सूरत बदल देंगे।
  • Powered by / Sponsored by :