प्रदेशभर में बढ़ते अपराधों के विरोध में भाजपा ने किया धरना-प्रदर्शन

प्रदेशभर में बढ़ते अपराधों के विरोध में भाजपा ने किया धरना-प्रदर्शन

जयपुर, 23 अगस्त 2019। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी विमल कटियार ने बताया कि आज भाजपा द्वारा प्रदेशभर में बढ़ते अपराधों के विरोध में सभी जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदेश में बढ़ते अपराधों को रोकने एवं प्रदेश में कानून व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए भाजपा द्वारा राज्यपाल के नाम प्रदेश के जिला कलेक्टरों को ज्ञापन भी दिया गया।
प्रदेश की राजधानी जयपुर में कलेक्ट्रेट सर्किल पर भाजपा द्वारा राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था, महिला एवं बच्चियों के प्रति दुराचार की घटनाऐं, लूटपाट, बलात्कार एवं विशेषकर अनुसूचित जाति पर हो रहे अत्याचार के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया गया और राज्यपाल के नाम से सम्भागीय आयुक्त को ज्ञापन दिया गया।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं विधायक सतीश पूनियां ने कहा कि जब से अशोक गहलोत की सरकार बनी है तब से प्रदेश में बलात्कार, लूट, हत्या, छोटी बच्चियों के खिलाफ होने वाले गम्भीर अपराध, साम्प्रदायिक तनाव आम हो गये है। खासकर अनुसूचित जाति के लोग सर्वाधिक अपराधों के शिकार हुए है। सरकार अपराधी का धर्म एवं राजनैतिक प्रभाव देखकर कार्य कर रही है। अपराधियों में इस समय कोई खौफ नहीं है। खुलेआम पुलिस पर गोलियां चला रहे है, जिससे आमजन में भय व्याप्त है।
जयपुर शहर सांसद रामचरण बोहरा ने कहा कि इस समय कांगे्रस ने आंतरिक कलह के कारण प्रशासन भी असमंजस में है कि हमें करना क्या है, जिसके दुष्परिणाम राजस्थान की जनता भुगत रही है। कुर्सी बचाने के लिए मुख्यमंत्री एक परिवार की चापलुसी में लगे हुए है और प्रदेश के आमजन का कोई ध्यान नहीं है। जिसके कारण मंत्रियों और अधिकारियों की रूचि जनहित के कामों में नहीं है। इसलिए सारा सरकारी विभाग लाचार है।
भारतीय जनता पार्टी के जयपुर शहर अध्यक्ष मोहनलाल गुप्ता ने कहा कि कानून व्यवस्था के नाम पर प्रदेश में घोर अराजकता की स्थिति है, कांग्रेस के इस शासन में अपराध के निरन्तर बढ़ते आँकड़ों में सर्वाधिक अपराधों एवं उत्पीड़न का शिकार अनुसूचित जाति वर्ग हुआ है एवं सरकार समुदाय विशेष को ध्यान में रखकर ही कार्य कर रही है और जो अभी तक ज्यादातर घटनाऐं हुई है उसमें समुदाय विशेष के लोगों को गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है, इसका खामियाजा इस कांग्रेस सरकार को भुगतना पड़ेगा।
राजस्थान महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष सुमन शर्मा ने कहा कि प्रदेश में अपराधों के बढ़ते आँकड़ों में सर्वाधिक अपराधों एवं उत्पीड़न का शिकार होने वाली महिलाएं, बच्चियों के प्रति सरकार असंवेदनशील नजर आ रही है, जिससे बदमाशों के हौंसले बुलंद हो रहे है। प्रदेश में कानून का राज समाप्त हो गया है और अपराधी बेखौफ घूम रहे है।
इस अवसर पर धरना-प्रदर्शन में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं विधायक सतीश पूनियां, सांसद रामचरण बोहरा, जयपुर शहर अध्यक्ष मोहनलाल गुप्ता, विधायक रामलाल शर्मा, कालीचरण सराफ, अशोक लाहोटी, पूर्व विधायक एवं कार्यक्रम संयोजक कैलाश वर्मा, पूर्व विधायक फूलचन्द भिण्डा, जयपुर देहात उत्तर अध्यक्ष रामानन्द गुर्जर, प्रदेश प्रवक्ता मुकेश पारीक, लक्ष्मीकान्त भारद्वाज, अमित गोयल, जितेन्द्र श्रीमाली, पूर्व महापौर शील धाभाई, राजस्थान महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष सुमन शर्मा, राष्ट्रीय महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष ममता शर्मा, महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री मंजू शर्मा, पार्षद दिनेश कांवट, सहित पार्टी के सैकड़ों वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
  • Powered by / Sponsored by :