राजस्थान में भाजपा ने किया है करिश्माई काम : राजनाथ सिंह

राजस्थान में भाजपा ने किया है करिश्माई काम : राजनाथ सिंह

जयपुर, 02 दिसम्बर। केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह जी ने प्रेस वार्ता को सम्बोधित करते हुए कहा कि राजस्थान में मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने करिश्माई काम किए हैं। इसलिए राजस्थान के लोगों की पहली पसन्द भारतीय जनता पार्टी है। जो कांग्रेस पहले हिन्दू और हिन्दुत्व पर मौन रहती थी, वह अब इसकी चर्चा करने लगी है।
उन्होंने कहा कि हिन्दुत्व मत पंथ नहीं है, यह जीवन शैली है, मानवीय धर्म है। कांग्रेस पार्टी चुनाव में किसी भी स्तर तक जाकर हथकण्डे अपना रही है। वर्ष 2007 में जिस कांग्रेस पार्टी ने सर्वोच्च न्यायालय में हलफनामा देकर ‘‘राम’’ को काल्पनिक बताया था। उन्होंने अब मन्दिरों की दौड़ शुरू कर दी है। मध्य प्रदेश में कांग्रेस गाय और गौशालाओं की बात कर रही थी। भाजपा के लिए मन्दिर, गाय और गौशाला सांस्कृतिक जीवन के अंग है।
उन्होंने कहा कि राजनीति केवल सरकार बनाने के लिए नहीं, अपितु देश बनाने के लिए करनी चाहिए। कांग्रेस पार्टी हताशा में जाति और मजहब की अंधेरी गलियों में भटक रही है। राजस्थान में राष्ट्र गौरव और राष्ट्रहित के विषय में जातियों के बंधन टूट जाते है। राजस्थान में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलेगा और जिन पाँच राज्यों में चुनाव है उन सबमें कांग्रेस का सूपड़ा साफ होने वाला है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में देश और सीमाएं सुरक्षित है। नक्सलवाद के मामलों में 50 से 60 प्रतिशत तक की कमी आई है। पूर्वोत्तर के उग्रवाद में कमी आई है। पिछले साढ़े चार वर्षों में कोई बड़ी आतंकी घटना नहीं होने के सन्दर्भ में उन्होंने पुलिस, अर्द्धसैनिक बलों, सेना तथा इन्टेलीजेन्स एजेन्सियों को धन्यवाद दिया।
उन्होंने कहा कि कश्मीर में भी हालात सुधर रहे है। वहाँ पंचायत स्तर तक के चुनाव हुए है। पाकिस्तान में आतंकवाद, पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित है। उन्होंने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के लिए कहा कि इमरान खान जान लें कि कश्मीर मुद्दा नहीं है, कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है। पाकिस्तान आतंकवाद से लड़ने के लिए भारत का सहयोग चाहे, तो भारत तैयार है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 1971 में गरीबी हटाओ का नारा दिया था, किन्तु कांग्रेस गरीबी नहीं हटा पाई। हमारी सरकार के पिछले साढ़े चार वर्ष के समय में 5 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए है।
  • Powered by / Sponsored by :