ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल में कर रही है तानाशाही: मदनलाल सैनी

ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल में कर रही है तानाशाही: मदनलाल सैनी

जयपुर, 15 मई 2019। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जी के पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान हो रहे रोड़ शो में वहाँ की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी एवं उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा हिंसावादी घटना किये जाने को लेकर आज भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल सरकार के खिलाफ भाजपा नेताओं व पदाधिकारियों के द्वारा राष्ट्रपति के नाम महामहिम राज्यपाल को ज्ञापन दिया गया।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि ममता बनर्जी अपने तानाशाही रवैये के कारण पश्चिम बंगाल में ऐसा काम कर रही है। सोना जब तपाया जाता है तो बहुत अच्छा बनता है। इसी प्रकार भाजपा के कार्यकर्ताओं ने चुनावों में धूप में तपकर काम किया है। आज ममता जी के लिए यह लड़ाई लोकसभा की लड़ाई नहीं है बल्कि आने वाले विधानसभा चुनावों की लड़ाई है। आने वाले विधानसभा चुनावों में ममता जी रहेंगी या नहीं रहेंगी इस बात की लड़ाई है, यह अस्तित्व की लड़ाई है। इस लड़ाई में ममता जी ने बहुत ही गड़बड़ काम कर लिया। उन्होंने पश्चिम बंगाल में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जी के रोड़ शो के दौरान रोड़ शो में बाधा डालने एवं पत्थर बरसाने का जो काम किया है उसके लिए 19 मई को पश्चिम बंगाल की जनता पत्थर का जवाब वोट से देगी।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, विधायक कालीचरण सराफ, विधायक रामलाल शर्मा, राज्यसभा सांसद रामकुमार वर्मा, प्रदेश मंत्री मुकेश दाधीच, राजस्थान महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष सुमन शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता सतीश पूनियां, प्रदेश मीडिया सम्पर्क प्रमुख आनन्द शर्मा, चुनाव सम्पर्क विभाग प्रदेश प्रमुख नाहरसिंह माहेश्वरी, सांसद प्रत्याशी रामचरण बोहरा, पूर्व मंत्री राजपाल सिंह शेखावत, पूर्व विधायक कैलाश वर्मा, पूर्व विधायक कन्हैयालाल मीणा ने राजभवन जाकर महामहिम राज्यपाल को ज्ञापन दिया।
इस अवसर पर धरने-प्रदर्शन में भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष अशोक सैनी, पूर्व जयपुर शहर अध्यक्ष शैलेन्द्र भार्गव, जयपुर देहात (दक्षिण) अध्यक्ष रामानन्द गुर्जर, प्रदेश मीडिया सदस्य चम्पालाल रामावत, प्रदेश प्रवक्ता अमित गोयल, प्रदेश प्रवक्ता पंकज मीणा, जयपुर शहर जिला मंत्री लक्ष्मीकान्त पारीक सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
  • Powered by / Sponsored by :